तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली महिला की जान, पति-बच्चा घायल,ग्रामीणों का चक्काजाम

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघनपुर के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, कोयला लोड ट्रेलर (CG-13-AD-2483) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से चलते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी पर सवार उमा राठिया अपने पति टीकाराम राठिया और बच्चे के साथ गांव लौट रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल पति और बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

आपको बता दें, घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। लोग आरोपी चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।