नारी शक्ति अवॉर्ड शो’ में चमकी महिलाएं, रायपुर में हुआ भव्य आयोजन

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित ‘आज की नारी: नारी शक्ति सम्मान अवॉर्ड शो सीजन-4’ महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक और भव्य मंच बनकर सामने आया। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिससे पूरे समारोह में उत्साह, गर्व और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला।

यह आयोजन न्यू उड़ान जनसेवा फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रहीं फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक उषा शर्मा, जिनके नेतृत्व में यह आयोजन सफल और प्रभावशाली मंच के रूप में उभरा। अपने संबोधन में उषा शर्मा ने कहा कि, यह मंच केवल सम्मान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में एक निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा कि, हर महिला में क्षमता है, बस उसे सही अवसर और सही मार्गदर्शन की जरूरत है।

कार्यक्रम में टीवी जगत की प्रसिद्ध अभिनेत्री दीपिका चिखलिया और कांची सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों ने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखने का संदेश दिया। समारोह में गृहिणियों से लेकर विभिन्न प्रोफेशनल क्षेत्रों तक उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस मंच ने उन अनसुनी कहानियों को सामने लाने का कार्य किया, जो अक्सर समाज की नजरों से दूर रह जाती हैं। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। अंत में आयोजन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि भविष्य में भी ऐसे मंच महिलाओं के सशक्तिकरण और उत्थान के लिए लगातार आयोजित किए जाएंगे।