गांधी मैदान क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर हुई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, पुलिस द्वारा एकदिवसीय अभियान चलाकर 07 स्थाई और 12 गिरफ्तारी वारंट किए तामील, 04 व्यक्ति गए जेल

Follow Us

रायपुर | राजधानी रायपुर में डीसीपी सेंट्रल जोन के कोतवाली डिवीजन में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिनांक 13.04.2026 को थाना गंज द्वारा उल्लेखनीय कार्यवाही करते हुए एक ही दिन में 07 स्थाई और 12 गिरफ्तारी कुल 19 वारंट तामील किए गए। तामील किए गए वारंटों में स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं, जिनमें से कई प्रकरण वर्ष 2018 एवं 2019 के 5 से 6 वर्षों पूर्व के मामले भी शामिल हैं। इन पुराने प्रकरणों में कार्यवाही कर पुलिस द्वारा न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं जेल निरुद्ध आरोपियों की तामिली कर न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण की गई। साथ ही जिन प्रकरणों में वारंट निरस्त हो चुके थे अथवा संबंधित व्यक्तियों का निधन हो चुका था, उनमें भी विधिसम्मत निराकरण किया गया। इस व्यापक कार्यवाही से लंबे समय से लंबित प्रकरणों को गति मिलने के साथ-साथ फरार वारंटियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है।

इसी क्रम में थाना कोतवाली द्वारा गांधी मैदान क्षेत्र में उपद्रव कर शांति भंग करने एवं पुलिस के समक्ष आक्रामक व्यवहार करने वाले 4 व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। सभी को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किए जाने उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल भेजा गया। सेंट्रल ज़ोन कोतवाली डिवीजन की इन समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाइयों से स्पष्ट संदेश गया है कि वर्षों से लंबित वारंटों की तामिली हो या सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव—हर स्थिति में पुलिस द्वारा त्वरित एवं सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है।