डबल रिटर्न का लालच पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश

Follow Us

जशपुर। जिले में “पैसा दोगुना” करने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। Hedgexfund नामक कथित नेटवर्क कंपनी के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठे गए। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने गांव-गांव जाकर लोगों को भरोसा दिलाया कि, उनकी कंपनी में निवेश करने पर महज 3 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि, यदि पैसा नहीं बढ़ा तो ब्याज सहित वापस कर दिया जाएगा। इस लालच में आकर कई ग्रामीणों ने अपनी मेहनत की कमाई निवेश कर दी।

पीड़ितों को फर्जी आईडी और पासवर्ड देकर एक ऑनलाइन वॉलेट दिखाया जाता था, जिसमें रकम डॉलर में बढ़ती हुई नजर आती थी। इससे लोगों का भरोसा और बढ़ गया। लेकिन कुछ समय बाद यह वॉलेट अचानक बंद हो गया, तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि, गिरोह ने अलग-अलग गांवों में कई लोगों को निशाना बनाया है। ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि, मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस मुख्य आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है।