बिलासपुर। शहर के सकरी क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां महंगे शौक और गलत संगत के चलते एक नाबालिग ने अपने ही घर में चोरी की साजिश रच डाली। आसमा सिटी निवासी एक परिवार में बेटे ने पहले घर से नगदी और जेवरात गायब किए, फिर अपनी मां के एटीएम से भी पैसे निकाल लिए।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने असली गहनों को चोरी कर गिरवी रख दिया और उनकी जगह नकली गहने घर में रख दिए, ताकि किसी को शक न हो। उसने खर्च किए गए पैसे दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और शौक पूरे करने में उड़ा दिए। जब परिवार को संदेह हुआ, तो बच्चे ने शुरुआत में दोस्तों के दबाव और धमकी का हवाला देकर खुद को बचाने की कोशिश की।
मामले में नया मोड़ तब आया जब परिजनों और पुलिस के बीच जांच को लेकर विवाद खड़ा हो गया। परिवार का आरोप है कि, पुलिस सही तरीके से कार्रवाई नहीं कर रही, जबकि पुलिस का कहना है कि, नाबालिग और परिजनों के बयान बार-बार बदल रहे हैं, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी के मुताबिक, नाबालिग ने उधार चुकाने और शौक पूरे करने के लिए यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि, परिवार ने लिखित में आगे कार्रवाई नहीं करने की बात कही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट करने में जुटी है।
