शराब के पैसे नहीं दिए तो युवक पर किया जानलेवा हमला, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में।

Follow Us

 

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और कांच की शीशी से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल की रात करीब 8 बजे बिलासा चौक क्षेत्र में हुई। प्रार्थी अनिल श्रीवास (38), निवासी जूना बिलासपुर बनियापारा, उस समय वहीं बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी दीपक केंवट (32), निवासी पचरीघाट, जूना बिलासपुर वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब अनिल ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और अचानक कांच की शीशी से अनिल के सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट 11 अप्रैल को सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई। अपराध क्रमांक 236/2026 के तहत आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 118(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने सूचना के आधार पर आरोपी को पचरीघाट इलाके में छिपा हुआ पाया और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।