जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नन्हेसर स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। सोमवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में धावा बोला और वहां स्थापित पवित्र शिवलिंग को ही उखाड़कर अपने साथ ले गए। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुँचे, तो खाली गर्भगृह देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोग इसे प्रशासन की विफलता मान रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि, इस मंदिर में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी इसी मंदिर से शिवलिंग चोरी हो चुका है। उस समय पुलिस की लंबी जांच के बाद भी चोर पकड़ में नहीं आए थे, हालांकि कुछ दिनों बाद चोर ने पश्चाताप करते हुए खंडित शिवलिंग को मंदिर परिसर में ही छोड़ दिया था। एक बार फिर वैसी ही वारदात दोहराए जाने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। सूचना मिलने पर सन्ना थाना प्रभारी संतोष सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, मंदिर की सुरक्षा के लिए न तो कोई घेराबंदी है और न ही रोशनी के पुख्ता इंतजाम, जिसका फायदा उठाकर असामाजिक तत्व बार-बार आस्था के इस केंद्र को निशाना बना रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि, जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो और मंदिर में स्थायी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।
