बिलासपुर। ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। वलसाड और खड़गपुर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ सुरक्षित और आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। यह स्पेशल ट्रेन कुल दो-दो फेरों के लिए संचालित की जाएगी। गाड़ी संख्या 09043 वलसाड-खड़गपुर स्पेशल 15 और 22 अप्रैल 2026 (बुधवार) को दोपहर 12:50 बजे वलसाड से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन तड़के 03:09 बजे गोंदिया पहुंचेगी और फिर दुर्ग, रायपुर तथा बिलासपुर होते हुए रात 9:00 बजे खड़गपुर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 09044 खड़गपुर-वलसाड स्पेशल 17 और 24 अप्रैल (शुक्रवार) को सुबह 05:00 बजे खड़गपुर से चलेगी और अगले दिन दोपहर 3:30 बजे वलसाड पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 20 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 14 एसी-III, 2 स्लीपर, 2 जनरल, 1 एसएलआरडी और 1 पावर कार शामिल हैं। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। ट्रेन दोनों दिशाओं में भेस्तान, नंदूरबार, भुसावल, बडनेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर और टाटानगर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि, यात्रा से पहले समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर जरूर जांच लें, ताकि सफर सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सके।
