मुंबई। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा का 7 अप्रैल को जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर कुछ अनदेखी थ्रोबैक तस्वीरें साझा कीं और अपने साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए उन्हें ‘अनफॉरगेटेबल’ बताया। इन तस्वीरों में उनकी प्रोफेशनल और पर्सनल बॉन्डिंग की झलक साफ नजर आई, जिससे फैंस भी काफी खुश हुए।
मनोज ने अपने इस लंबे सफर को ‘अनफॉरगेटेबल’ बताया और लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे… हमने साथ में पागलपन, बहसें, हंसी और कई यादगार फिल्में बनाई हैं। मैं इन सबके लिए शुक्रगुजार हूं। ऐसे ही बेबाक और निडर बने रहो।’ उनकी इस पोस्ट को फैंस ने भी खूब पसंद किया और दोनों की दोस्ती और साथ काम करने के सफर को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। बता दें कि राम गोपाल वर्मा की अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘पुलिस स्टेशन में भूत’ साल 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। इस फिल्म में मनोज बाजपेयी, जेनेलिया देशमुख और राम्या कृष्णन अहम किरदारों में नजर आएंगी।
फिल्म की कहानी एक गैंग मेंबर के भूत के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पुलिस स्टेशन में आकर डर और हंगामा मचाता है। इसमें क्राइम और सुपरनैचुरल हॉरर का मिक्स देखने को मिलेगा, जो आरजीवी के खास डार्क स्टाइल में पेश किया जाएगा।वहीं मनोज बाजपेयी के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वे हाल ही में वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ सीजन 3 में नजर आए थे, जिसे राज और डीके ने डायरेक्ट किया था। इसमें उनके साथ जयदीप अहलावत, प्रियामणि, शरीब हाश्मी और निमरत कौर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
