जगदलपुर। बस्तर जिले के ग्राम सरगीपाल में जुआ खेल रहे 8 लोगों को बोधघाट थाना पुलिस और ब्लैक पैंथर टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलगिरि प्लाट के पास कुछ लोग ताश के 52 पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पदलाम बघेल, सुकराम नाग, सामसेन बघेल, लछीन नाग, सुंदर बघेल, सहदेव बघेल, लोकनाथ कश्यप और परमेश्वर जोशी को पकड़ा गया। इनमें सात आरोपी सरगीपाल और एक बिलोरी का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2,760 रुपये नकद, 7 पुराने टच स्क्रीन मोबाइल, 2 पुरानी मोटरसाइकिल और ताश के 52 पत्ते बरामद किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 84 हजार 760 रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर 9 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बोधघाट निरीक्षक टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में हुई। इसमें पुलिस टीम के साथ ब्लैक पैंथर टीम की भी अहम भूमिका रही।
