नईदिल्ली । दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक गोदाम में भीषण आग लगने से कम से कम 2 लोगों की मौत हो गई है। इस बीच आग लगने से मची उथल-पुथल में सामने की इमारत के निवासियों ने अपने घरों से छलांग लगा दी। इस वजह से 6 लोग घायल भी हो गए हैं। मौके पर दमकल की 15 गाडिय़ां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना स्वरूप नगर की गली नंबर 2 में स्थित जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स बनाने वाली फैक्टरी में हुई है। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें एक इमारत से धुंआ निकलता हुआ दिखाई दे रहा है। इमारत से कूदने में घायल हुए लोगों की पहचान प्रियंका (28), वंशिका (8), वाणी (5), संतोष (33), तन्वी (8) और विजय के तौर पर हुई है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

