सूरजपुर। जिले में पुलिस विभाग को 15 नए सब इंस्पेक्टर (एसआई) मिले हैं। बेसिक ट्रेनिंग पूरी करने के बाद सभी अधिकारियों को अब व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण थानों में पदस्थ किया गया है। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने इस संबंध में पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार नए एसआई को कानून-व्यवस्था, अपराध जांच और पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से अलग-अलग थानों में तैनात किया गया है। सबसे अधिक चार एसआई को थाना सूरजपुर में पदस्थ किया गया है। वहीं थाना विश्रामपुर, जयनगर, भटगांव और प्रतापपुर में दो-दो एसआई की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा थाना प्रेमनगर, झिलमिली और रामानुजनगर में एक-एक एसआई को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान नए अधिकारी अनुभवी पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। इससे उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था प्रबंधन और आम जनता से जुड़े दायित्वों की बेहतर समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
सूरजपुर में 15 नए सब इंस्पेक्टरों की तैनाती, थानों में शुरू हुआ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण
