धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्रों में तेंदुए के हमलों से दहशत का माहौल है। बीते 24 घंटे के भीतर तेंदुए के हमलों में 12 ग्रामीणों के घायल होने और एक गर्भवती महिला की मौत की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोग अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
मृत महिला की पहचान बस्तर-बूडऱा निवासी रामशिला मांडवी (25) के रूप में हुई है। गर्भवती महिला की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि तेंदुए की गतिविधियां सीतानदी अभयारण्य और आसपास के वनांचल क्षेत्रों में देखी जा रही हैं। कारीपानी के जंगल में भी तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिली है।
किसानों की खुशहाली और समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
अलग-अलग अस्पतालों में घायलों का इलाज
तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीणों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन घायलों का उपचार जिला अस्पताल धमतरी में चल रहा है। अन्य घायलों को सिविल अस्पताल नगरी, सिविल अस्पताल बोराई और केशकाल क्षेत्र के विश्रामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीतानदी-उदंती टाइगर रिजर्व और केशकाल वन परिक्षेत्र से लगे इलाकों में लगातार सामने आ रही घटनाओं ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को जंगल के आसपास जाने में सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है, ताकि आगे किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। मामले में वन विभाग की आधिकारिक कार्रवाई और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
