अयोध्या। रामलला के दर्शन की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें सुगम दर्शन पास के लिए अंतिम समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने ऑनलाइन पास व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालु दर्शन की तारीख से 90 दिन पहले तक पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। वहीं, सामान्य श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन जारी होने वाले ऑनलाइन पास की संख्या 975 से बढ़ाकर 2000 कर दी गई है।नई व्यवस्था के तहत अग्रिम बुकिंग सात चरणों में होगी। श्रद्धालु दर्शन से 90, 62, 30, 14, सात, तीन और एक दिन पहले पास के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा दर्शन वाले दिन तत्काल पास जारी करने का भी प्रावधान किया गया है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा, रेल टिकट और ठहरने की व्यवस्था पहले से करने में सहूलियत मिलेगी।श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को उन्नत बनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सीईओ एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त), आईटी विभाग और ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श के बाद प्रशासनिक क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए हैं।
15 दिन की जगह अब 90 दिन पहले कर सकेंगे आवेदन
अभी तक सुगम दर्शन पास अधिकतम 15 दिन पहले ही उपलब्ध होते थे। नई व्यवस्था में यह अवधि बढ़ाकर 90 दिन कर दी गई है। अलग-अलग चरणों में पास उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए किसी एक निश्चित समय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ट्रस्ट श्रद्धालुओं की मांग, बुकिंग की स्थिति और दर्शन व्यवस्था की लगातार समीक्षा भी करेगा।
आवेदन के 24 से 48 घंटे में मिलेगी पुष्टि
ऑनलाइन बुकिंग के दुरुपयोग को रोकने के लिए ट्रस्ट सत्यापन आधारित प्रणाली विकसित कर रहा है। अग्रिम पास के लिए आवेदन करने के बाद उसकी तत्काल पुष्टि नहीं होगी। तकनीकी सत्यापन के बाद सामान्यतः 24 से 48 घंटे के भीतर पास जारी करने संबंधी निर्णय की सूचना दी जाएगी। आवेदन जमा होने को पास की पुष्टि नहीं माना जाएगा।इस प्रक्रिया का उद्देश्य असामान्य और संदिग्ध बुकिंग गतिविधियों की पहचान करना है। हालांकि, दर्शन वाले दिन जारी होने वाले तत्काल पास के लिए तुरंत पुष्टि की जाएगी। इन पासों पर 24 से 48 घंटे की प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी।
सुगम दर्शन पास पूरी तरह मुफ्त, दलालों से रहें सावधान
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि सुगम दर्शन पास पूरी तरह निःशुल्क हैं। इसके लिए किसी भी श्रद्धालु को कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पास के नाम पर पैसे मांगता है या वसूली करता है, तो श्रद्धालु इसकी शिकायत सीधे ट्रस्ट से कर सकेंगे।शिकायत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रत्येक पास पर संबंधित जानकारी प्रमुखता से अंकित की जाएगी। ट्रस्ट के अनुसार, शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 8009522111 को आगामी एक सप्ताह में सक्रिय करने की तैयारी है।
