विराट कोहली रेस्टोरेंट शॉक: ‘वन8 कम्यून’ पर लगा ताला, करोड़ों के कर्ज ने बढ़ाई टेंशन

Follow Us

बेंगलुरु। क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड तोड़ने वाले विराट कोहली के बिजनेस फ्रंट से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। बेंगलुरु स्थित उनके मशहूर रेस्टोरेंट ‘One8 Commune’ को सिविल कोर्ट के आदेश के बाद बंद कर दिया गया है। आलीशान लाइफस्टाइल और प्रीमियम डाइनिंग के लिए जाने जाने वाले इस आउटलेट पर 2 करोड़ से अधिक का किराया बकाया था।

किराया और बकाया: रेस्टोरेंट का संचालन ‘ट्रायो हिल्स हॉस्पिटैलिटी’ कर रही थी, जिसने पिछले 6 महीनों से किराया, मेंटेनेंस चार्ज और रेवेन्यू शेयर का भुगतान नहीं किया था। बिल्डिंग मालिक द्वारा मामला दर्ज कराने के बाद, अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए बकाया राशि चुकाने तक रेस्टोरेंट को बंद करने का निर्देश दिया है। यह आउटलेट पहले से ही फायर सेफ्टी और BBMP के नियमों की अनदेखी को लेकर विवादों में था। घटती भीड़ और गिरती ब्रांड वैल्यू ने आर्थिक नुकसान को और बढ़ा दिया।

जैसे ही विवाद गहराया, विराट कोहली ने खुद को इस प्रोजेक्ट से पूरी तरह अलग कर लिया है। खबरों के अनुसार, कोहली ने न केवल अपनी साझेदारी खत्म की है, बल्कि इस आउटलेट से अपने वैश्विक ब्रांड ‘One8’ का नाम हटाने का भी फैसला किया है। यह विराट कोहली द्वारा स्थापित एक प्रीमियम रेस्टोरेंट चैन है, जो दिल्ली, पुणे और कोलकाता जैसे शहरों में बेहद लोकप्रिय है। हालांकि बेंगलुरु आउटलेट के बंद होने से ब्रांड की साख पर सवाल उठे थे, लेकिन कोहली के अलग होने के फैसले ने यह साफ कर दिया है कि वह नियमों के उल्लंघन और वित्तीय अनियमितताओं के साथ समझौता नहीं करेंगे। फिलहाल, बेंगलुरु का यह आउटलेट तब तक बंद रहेगा जब तक कि पाई-पाई का हिसाब चुकता नहीं हो जाता।