वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई) से पहले एक बार फिर आध्यात्मिक नगरी वृंदावन पहुंचे। दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विराट और अनुष्का कीचड़ भरे रास्ते पर नंगे पैर चलते नजर आ रहे हैं। बुधवार सुबह विराट कोहली और अनुष्का शर्मा वृंदावन स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दोनों का यह दौरा गुरु पूर्णिमा से पहले हुआ, जिसे धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों बेहद सादगी के साथ आश्रम की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। आश्रम पहुंचने के दौरान वे मास्क पहने हुए थे ताकि उनकी पहचान छिपी रहे, लेकिन मौजूद लोगों और प्रशंसकों ने उन्हें पहचान लिया। दर्शन के बाद लौटते समय दोनों ने मुस्कुराते हुए लोगों का “राधे-राधे” कहकर अभिवादन किया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है।
बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद महाराज इन दिनों यमुना पार स्थित बेलवन के यमुना कुंज आश्रम में एकांतवास कर रहे हैं। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने शिष्यों को दर्शन देने की तैयारियां भी चल रही हैं। इसी क्रम में विराट और अनुष्का भी उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा लंबे समय से संत प्रेमानंद महाराज के प्रति गहरी आस्था रखते हैं। इससे पहले भी दोनों अपनी बेटी वामिका और बेटे अकाय के साथ आश्रम पहुंच चुके हैं। वहीं आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत के बाद भी दोनों ने वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लिया था।

