उमरेली में शराब दुकान पर ग्रामीणों ने जड़ा ताला, जर्जर भवन में संचालन पर ग्रामीणों का विरोध

Follow Us

कोरबा। ग्राम उमरेली में सोमवार को देशी-विदेशी शराब दुकान के संचालन को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। दुकान खुलने से पहले ही सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने उस पर ताला जड़ दिया। निर्धारित समय पर जब दुकान के कर्मचारी पहुंचे तो मुख्य ताला बंद मिला, जिससे हड़कंप मच गया। तालाबंदी की सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

जर्जर भवन में संचालन पर ग्रामीणों का विरोध
शराब दुकान के सामने बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के पुराने भवन को दुकान संचालन के लिए दिया गया था, जो अब जर्जर हालत में है। इसके बावजूद, दुकान का संचालन पंचायत के नए भवन में किया जा रहा था। पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे लेकर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि कई बार दुकान को नए भवन से हटाने, पुराने भवन में संचालित करने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मांग पूरी न होने पर ग्रामीणों ने तालाबंदी का कदम उठाया।

पुलिस-आबकारी की मौजूदगी में तोड़ा गया ताला
पुलिस और आबकारी विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में शराब दुकान का ताला तोड़ा गया। करीब तीन घंटे की देरी के बाद स्थिति सामान्य हुई और दुकान का संचालन शुरू हो सका। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। मामले को लेकर आबकारी अधिकारी से संपर्क नहीं हो सका। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। फिलहाल स्थिति शांत है, लेकिन ग्रामीणों की मांग पर आगे क्या निर्णय लिया जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।