शादी के लिए एक साल इंतजार कराने पर ट्रोल हुए विजय देवरकोंडा, रश्मिका की बातों पर भड़के यूजर्स

Follow Us

मुंबई। ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा में है। शो में दोनों ने अपने रिश्ते और शादी से जुड़े कई किस्से साझा किए। इसी दौरान रश्मिका ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट पर विजय से शादी की बात कही थी, लेकिन विजय ने उनसे इस बारे में 100 बार और पूछने की बात कही। विजय के मुताबिक, शादी जैसा बड़ा फैसला केवल भावनात्मक जुड़ाव के आधार पर नहीं लिया जा सकता था। रश्मिका ने यह भी बताया कि उन्हें विजय की सहमति के लिए करीब एक साल इंतजार करना पड़ा। एपिसोड के ये वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर विजय को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
कई यूजर्स ने विजय के रवैये पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘रेड फ्लैग’ कहा और टिप्पणी की कि रश्मिका बेहतर व्यवहार की हकदार हैं। कुछ लोगों ने शादी के फैसले को लेकर रश्मिका की आलोचना की, जबकि कुछ यूजर्स विजय के पक्ष में भी नजर आए। रेडिट पर भी एपिसोड को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आईं, जहां कुछ लोगों ने इसे निराशाजनक बताया। गौरतलब है कि विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के उदयपुर में निजी समारोह में शादी की थी। विवाह में तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ रश्मिका की कोडवा परंपरा भी निभाई गई थी। फिलहाल, शो में दोनों की बातचीत के वायरल क्लिप्स को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है।