मुंबई। फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी के बेटे वीर हिरानी ने वेब सीरीज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की है। डेब्यू प्रोजेक्ट में उनकी सहज अदाकारी और नैचुरल स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सीरीज को भी दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। सीरीज की सबसे बड़ी खासियतों में से एक वीर हिरानी और अरशद वारसी की शानदार केमिस्ट्री है। अरशद वारसी इसमें ‘पेड्रो’ के किरदार में नजर आ रहे हैं। दोनों की दोस्ती, हल्की-फुल्की नोकझोंक और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। स्क्रीन के अलावा प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान भी दोनों के बीच की बॉन्डिंग देखने को मिली।
सीरीज को मिल रहे प्यार के बीच वीर हिरानी ने सोशल मीडिया पर अरशद वारसी के लिए एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अरशद के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि पहला प्रोजेक्ट उनके लिए जितना रोमांचक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी था, लेकिन अरशद के मार्गदर्शन और समर्थन ने इस सफर को आसान बना दिया। अपने पोस्ट में वीर ने लिखा, “डिअरेस्ट अरशद सर, अपने पहले प्रोजेक्ट में कदम रखना रोमांचक था, लेकिन थोड़ा डराने वाला भी। ऐसे में आपका साथ होने से सब कुछ आसान हो गया। आपने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया, मेरा हौसला बढ़ाया और बिना किसी श्रेय की उम्मीद किए हर कदम पर मेरा साथ दिया। बिल्कुल पेड्रो स्टाइल… आज ‘प्रीतम एंड पेड्रो’ को दर्शकों से इतना प्यार मिल रहा है और मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे यह प्यार आपसे पहले दिन से ही मिलता रहा। लव यू, सर।”
‘प्रीतम एंड पेड्रो’ वीर हिरानी और अरशद वारसी के लिए एक खास प्रोजेक्ट भी है। इससे पहले फिल्म ‘मुन्ना भाई एमबीबीएस’ में वीर ने अरशद वारसी के मशहूर किरदार ‘सर्किट’ के बेटे ‘शॉर्ट सर्किट’ की छोटी-सी भूमिका निभाई थी। अब वर्षों बाद दोनों कलाकार एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नजर आए हैं। उनकी शानदार केमिस्ट्री और दोस्ती को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं।
