नई दिल्ली। टीवीएस मोटर कंपनी ने भारत में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर TVS iQube S 4.7 kWh लॉन्च कर दिया है, जिससे कंपनी ने अपने iQube पोर्टफोलियो को और मजबूत किया है। यह नया वेरिएंट पहले से ज्यादा पावरफुल बैटरी और एडवांस फीचर्स के साथ पेश किया गया है। इस स्कूटर में 4.7 kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 175 किलोमीटर (आईडीसी प्रमाणित) तक की रेंज देने में सक्षम है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत दिल्ली में लगभग 1,37,142 रुपये रखी गई है। कंपनी का दावा है कि, यह स्कूटर परिवारों के लिए लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आसान और भरोसेमंद बनाएगा। डिजाइन और फीचर्स की बात करें तो इसमें 7-इंच टीएफटी डिस्प्ले, 32 लीटर का बड़ा बूट स्पेस, 4-वे जॉयस्टिक कंट्रोल और स्मार्ट कनेक्टेड फीचर्स शामिल हैं।
यह स्कूटर टीवीएस ऐप के जरिए ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, जियो-फेंसिंग और चोरी-रोधी अलर्ट जैसी सुविधाएं भी देता है। नई iQube S 4.7 kWh दो नए आकर्षक कलर ऑप्शन मैग्निफिसेंस पर्पल बेज और हार्लेक्विन ब्लू बेज में भी उपलब्ध है। इसके अलावा टाइटेनियम ग्रे मैट वेरिएंट भी बाजार में मौजूद रहेगा। कंपनी के अनुसार, यह मॉडल 4.2 सेकंड में 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेता है और इसमें क्रैश व गिरने का पता लगाने वाला सिस्टम भी दिया गया है। अब तक भारत में 9 लाख से ज्यादा ग्राहक TVS iQube को अपना चुके हैं, जिससे यह देश के सबसे लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर में शामिल हो गया है। नए मॉडल के साथ कंपनी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही है।
