नई दिल्ली। देश की महत्वाकांक्षी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना यात्रियों के लिए बड़ी राहत लेकर आने वाली है। एक्सप्रेसवे के पूर्ण रूप से चालू होने के बाद गुरुग्राम से वडोदरा तक का सफर, जो वर्तमान में 20 से 22 घंटे में पूरा होता है, घटकर लगभग 10 घंटे का रह जाएगा। करीब 1386 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का निर्माण दिल्ली और मुंबई के बीच बेहतर और तेज कनेक्टिविटी के उद्देश्य से किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह मार्ग यात्रा समय कम करने के साथ-साथ ईंधन की बचत और ट्रैफिक दबाव को भी कम करेगा।
परियोजना का एक प्रमुख आकर्षण राजस्थान के कोटा के पास बनी 4.9 किलोमीटर लंबी सुरंग है, जिसका निर्माण पूरा हो चुका है। एक्सप्रेसवे के अधिकांश हिस्सों का निर्माण कार्य भी पूरा हो गया है, जबकि कुछ स्थानों पर अंतिम चरण का काम जारी है। विशेषज्ञों के अनुसार, एक्सप्रेसवे के शुरू होने से यात्री वाहनों के साथ-साथ मालवाहक ट्रकों की आवाजाही भी तेज होगी। इससे लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा, व्यापारिक गतिविधियां तेज होंगी और सड़क सुरक्षा में भी सुधार की उम्मीद है।
