नई दिल्ली। करी पत्ता खाने के स्वाद और खुशबू को दोगुना करने का काम करता है। सांभर, पोहा, दाल या चटनी में इसका तड़का लगते ही खाने का जायका बदल जाता है। लेकिन अक्सर बाजार से ज्यादा करी पत्ता लाने पर वह फ्रिज में रखे-रखे सूख जाता है, काला पड़ जाता है या फिर गल जाता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो कुछ आसान और स्मार्ट कुकिंग हैक्स अपनाकर करी पत्तों को लंबे समय तक ताजा रख सकते हैं।
करी पत्तों को स्टोर करने का सबसे पहला और सही तरीका यह है कि इन्हें बाजार से लाते ही अच्छी तरह धो लें और फिर किसी साफ कपड़े या पेपर पर फैलाकर हवा में सुखा लें। ध्यान रहे, पत्तों में थोड़ी भी नमी रहने पर ये जल्दी गलने लगते हैं। पूरी तरह सूखने के बाद इन्हें एक एयरटाइट डिब्बे या ज़िप लॉक बैग में नीचे और ऊपर टिश्यू पेपर की लेयर लगाकर रखें। टिश्यू पेपर एक्स्ट्रा नमी को सोख लेता है, जिससे पत्ते 2 से 3 हफ्ते तक बिल्कुल फ्रेश और हरे बने रहते हैं। अगर आप इन्हें 2 से 3 महीने तक चलाना चाहते हैं, तो धोने और सुखाने के बाद छोटे-छोटे पैकेट्स बनाकर सीधे फ्रीजर में स्टोर कर दें।
एक और बेहतरीन तरीका यह है कि आप इन पत्तों को धूप में अच्छी तरह सुखाकर मिक्सी में पीस लें और इसका पाउडर बना लें। यह पाउडर एयरटाइट जार में 6 महीने तक खराब नहीं होता और इसे आप किसी भी ग्रेवी या सांभर में इस्तेमाल कर सकते हैं। करी पत्ता स्टोर करते समय कुछ गलतियों से बचना बेहद जरूरी है; जैसे पत्तों को कभी भी गीला या खुला फ्रिज में न रखें, इससे वे सूख जाएंगे। साथ ही, पत्तों को डंठल से अलग करने के बजाय पूरे गुच्छे के साथ स्टोर करें, इससे इनकी प्राकृतिक ताजगी लंबे समय तक बरकरार रहती है।
