चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। AIADMK महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) ने विजय को भविष्य का प्रधानमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं पर तीखा तंज कसा है।
विजय अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं
TVK समर्थकों की ओर से विजय को भविष्य के प्रधानमंत्री के तौर पर पेश किए जाने पर पलानीस्वामी ने व्यंग्य करते हुए कहा, “वह अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं और डोनाल्ड ट्रंप की जगह ले सकते हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है, यह उनकी इच्छा है।” EPS का यह बयान ऐसे समय आया है जब TVK के कुछ वरिष्ठ नेता विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देने की मांग खुलकर उठा रहे हैं।
रील्स बनाकर नहीं चलती सरकार
पलानीस्वामी ने TVK के बड़े PR और सोशल मीडिया कैंपेन पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जमीनी काम करने के बजाय सोशल मीडिया पर ‘रील्स’ के जरिए सरकार चलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में इस तरह की राजनीति नहीं चल सकती।
AIADMK नेता ने तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और आरोप लगाया कि पिछले 110 दिनों में हत्या, डकैती और हिंसा जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है।
विजय पर ‘खर्चीले मुख्यमंत्री’ का तंज
EPS ने मुख्यमंत्री विजय की चार्टर्ड फ्लाइट से यात्रा करने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के कार्यकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकारी खर्च कम रखने के लिए उस समय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाता था। उन्होंने विजय के खुद को साधारण किसान के तौर पर पेश करने और महंगी यात्राएं करने के बीच विरोधाभास का भी मुद्दा उठाया।
विजय को PM बनाने की मांग से बढ़ी हलचल
TVK नेताओं आधव अर्जुन और सरथकुमार द्वारा विजय को प्रधानमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाने की खुली पैरवी के बाद विवाद तेज हुआ है। तूतीकोरिन में विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग वाले पोस्टर भी सामने आए। सरकारीनीतियां पढ़ें
इसी बीच कांग्रेस की ओर से भी TVK को लेकर सख्त संदेश दिया गया है। मंत्री राजेश कुमार ने कथित तौर पर कहा कि यदि TVK राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए समर्थन देने पर सहमत नहीं होती है, तो सरकार में शामिल कांग्रेस के दो मंत्री इस्तीफा दे सकते हैं। इससे तमिलनाडु के सत्तारूढ़ गठबंधन में संभावित तनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
