फाफाडीह में प्रभात फेरी निकाल जन-जन तक पहुंचाया भगवान महावीर का संदेश

Follow Us
  • जैन ट्रेड फेयर में महिलाओं को मिला मंच, घर पर बने उत्पाद बाजार तक पहुंचें

रायपुर । भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 का आयोजन रायपुर नगर में सकल जैन समाज द्वारा अत्यंत भव्य और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। महोत्सव समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन में यह पावन पर्व मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने जानकारी दी कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को फाफाडीह में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और धर्मप्रेमी शामिल हुए।

शिविर 13 ने किया रक्तदान

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 में सेवाकार्य अंतर्गत 16 से 30 मार्च तक 15 दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में फाफाडीह में सोमवार को 13 लोगों ने रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं ने मरीज और जरूरतमंदों को ब्लड उपलब्ध कराने, रक्तदान करने की अपील की।

फाफाडीह में निकली प्रभात फेरी, भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचाया

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 के अंतर्गत राजधानी के विभिन्न जैन मंदिरों से 15 दिनों तक प्रभात फेरी निकाली जा रही है। महावीर जयंती तक हर दिन यह आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को दिगंबर जैन मंदिर सन्मति नगर से कुंथूनाथ श्वेतांबर मंदिर फाफाडीह तक प्रभात फेरी निकाली गई। फाफाडीह मंडल के अरविंद बडजात्या ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान पुरूष सफेद और महिलाएं केसरिया रंग के वस्त्रों में शामिल हुई। बच्चों ने हाथ में तख्ती लेकर भगवान महावीर स्वामी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। फाफाडीह में 2003 से प्रभात फेरी का प्रति वर्ष आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 250 से ज्यादा लोग प्रभात फेरी में शामिल हुए।

100 से अधिक महिलाओं ने सजाए होममेड उत्पादों के स्टॉल

दादाबाड़ी में 23 से 25 मार्च तक “सपनों की उड़ान” जैन ट्रेड फेयर का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में 100 से अधिक जैन महिला उद्यमियों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्टॉल लगाए। महिलाओं ने घर पर बनाए गए उत्पादों को लोगों के सामने प्रस्तुत किया, जिनमें कपड़े, सजावटी सामग्री, ऑर्गेनिक कॉस्मेटिक्स और विविध खाद्य पदार्थ शामिल हैं।

इस आयोजन ने गृहिणी महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान किया। प्रतिभागियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन से न केवल उन्हें पहचान मिलती है, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से वे अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने में भी सफल हो रही हैं।

यह ट्रेड फेयर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

1008 एकासना 29 मार्च को

भगवान महावीर जनकल्याणक समिति द्वारा पहली बार दादाबाड़ी में 29 जनवरी (रविवार) को “1008 एकासना” का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण हेतु गूगल फॉर्म जारी किया जा रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से शीघ्र पंजीकरण करने का आग्रह किया है।