आम जनता की जेब पर फिर चली ‘महंगाई की छुरी’: घरेलू एलपीजी सिलेंडर रु.29 महंगा, जानें अपने शहर के नए दाम

Follow Us

नई दिल्ली। देश में महंगाई का ग्राफ एक बार फिर ऊपर चढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी ईरान और खाड़ी संकट का सीधा असर अब आम आदमी की रसोई तक पहुंच चुका है। तेल और गैस कंपनियों ने आज (7 जून) सुबह से घरेलू LPG सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतों में रु.29 की बढ़ोतरी कर दी है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरा बड़ा झटका है; इससे पहले मार्च 2026 में भी सिलेंडर रु.60 महंगा हुआ था। इस बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में घरेलू सिलेंडर रु.913 से बढ़कर रु.942 का हो गया है। वहीं पटना में इसकी कीमत रु.1,031.50 के आंकड़े को पार कर गई है। देश के प्रमुख शहरों में आज से लागू हुईं नई दरें इस प्रकार हैं:-

शहर          पुरानी कीमत    नई कीमत (आज से)
दिल्ली        रु.913.00        रु.942.00
पटना         रु.1002.50      रु.1031.50
हैदराबाद     रु.967.00        रु.996.00
लखनऊ      रु.951.00        रु.980.00
कोलकाता   रु.939.00        रु.968.00
चेन्नई       रु.928.50        रु.957.50
मुंबई         रु.912.50        रु.941.50
बेंगलुरु      रु.915.50        रु.944.50

रसोई गैस के साथ-साथ कमर्शियल सिलेंडर और बाकी ईंधन की कीमतें भी लगातार आग बबूला हो रही हैं। इससे पहले 1 जून को ही कमर्शियल सिलेंडर के दाम में रु.42 तक का इजाफा किया गया था, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत रु.3113.50 हो गई है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कम सप्लाई का हवाला देकर कंपनियां पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम भी लगातार बढ़ा रही हैं। अकेले मई महीने में ही पेट्रोल-डीजल रु.7.50 प्रति लीटर और सीएनजी रु.6 प्रति किलो तक महंगी हो चुकी है। कंपनियों का दावा है कि भारी घाटे के बावजूद वे अभी भी लागत से कम कीमत पर ईंधन बेच रही हैं, वहीं सरकार का कहना है कि वैश्विक संकट का पूरा बोझ जनता पर नहीं डाला गया है।