केन्द्र द्वारा छत्तीसगढ़ में तैनात सुरक्षा बलों के लिये 22 हजार करोड़ की मांग डबल इंजन सरकार की हकीकत – दीपक बैज

Follow Us

रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली में प्रदेश के सांसदो को डिनर में बुलाया था। एक छोटी सी मीटिंग भी हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने सांसदो से यह अनुरोध किया कि जो छत्तीसगढ़ में केन्द्रीय सुरक्षा बल नक्सल क्षेत्र में तैनात है, उसका लगभग 22 हजार करोड़ रू. की राशि केन्द्र सरकार को राज्य से देना है। इसमें छूट के लिये वह पहल करे और केन्द्र सरकार के ऊपर दबाव बनाये, इस मामले को सदन में भी उठाया जाये।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह डबल इंजन की सरकार की हकीकत को दिखता है। भारतीय जनता पार्टी राज्य की जनता से वादा किया था कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो विकास कार्य तेज होंगे और यहां पर डबल इंजन की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री को अपने केन्द्र सरकार से ही केन्द्रीय राशि में छूट देने के लिये मिन्नतै करनी पड़ रही है, वो भी नक्सलवाद जैसे विषय में।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नक्सलवाद से निपटना केन्द्र और राज्य दोनों का काम है। अकेले राज्य के ऊपर केन्द्र ने एजेंसी भेज दिया और बोझ डाल के पैसा वसूलना यह अन्याय है। मजेदार बात यह है कि राज्य सरकार के बजट में इस मद हेतु एक रुपये का प्रावधान नही है, बेहद स्पष्ट है कि केंद्र और राज्य की सरकारो में आपस में ही समन्वय नहीं है। केन्द्र सरकार को राज्य सरकार के इस पैसे को माफ करना चाहिये। केन्द्रीय गृह मंत्री छत्तीसगढ़ आते है और नक्सलवाद समाप्ति के लिये छत्तीसगढ़ की जनता को एहसान जताते है। केन्द्रीय बलो के लिये छत्तीसगढ़ की सरकार से पैसा वसूला जाता है। यह भाजपा के डबल इंजन की सरकार की वास्तविक हकीकत है।