नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। कंपनी के लंबे समय से CEO रहे टिम कुक करीब 15 साल बाद अपने पद से हटने वाले हैं। उनकी जगह जॉन टर्नस को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह बदलाव 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा। टिम कुक हालांकि पूरी तरह कंपनी से अलग नहीं होंगे। वे नई भूमिका में एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में जुड़े रहेंगे और कंपनी की रणनीतिक दिशा में योगदान देते रहेंगे। कुक ने 2011 में Steve Jobs के बाद कंपनी की कमान संभाली थी और तब से Apple को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उनके कार्यकाल में Apple की वैल्यू कई गुना बढ़ी और कंपनी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो गई। इस दौरान Apple Watch, AirPods, Vision Pro, AirTag और Apple Music जैसे बड़े प्रोडक्ट्स लॉन्च हुए, जिन्होंने कंपनी को नई पहचान दी। जॉन टर्नस, जो अब तक Apple में हार्डवेयर इंजीनियरिंग से जुड़े अहम पद पर रहे हैं, को कंपनी का भविष्य नेतृत्व सौंपा गया है। अगले कुछ महीनों तक कुक और टर्नस साथ काम करेंगे, ताकि नेतृत्व परिवर्तन सुचारू रूप से पूरा हो सके। विशेषज्ञों का मानना है कि, यह बदलाव Apple के लिए एक नए दौर की शुरुआत साबित हो सकता है, जहां कंपनी इनोवेशन और टेक्नोलॉजी के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
