पारस नगर में चाकूबाजी, पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला; दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पारस नगर इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के गले, सिर और पीठ पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पारस नगर निवासी शुभम निषाद पर तनुष सेन और रोहित वर्मा ने हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपियों और घायल युवक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अचानक शुभम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार होने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही देवेन्द्रनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तनुष सेन और रोहित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।