‘रागिनी 3’ की शूटिंग शुरू, तमन्ना भाटिया ने सेट से शेयर की पहली तस्वीर; हॉरर-थ्रिलर को लेकर बढ़ी फैंस की उत्सुकता

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड की चर्चित हॉरर-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘रागिनी एमएमएस’ के तीसरे भाग ‘रागिनी 3’ की शूटिंग शुरू हो गई है। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने शूटिंग के पहले दिन की एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है, जिसके बाद फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है। तमन्ना भाटिया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘रागिनी 3’ के सेट से क्लैप बोर्ड की तस्वीर शेयर की। तस्वीर में क्लैप बोर्ड पर ‘15.07.26 दिन पहला’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे साफ है कि फिल्म की शूटिंग 15 जुलाई से शुरू हो चुकी है।

फिल्म का निर्देशन प्रसिद्ध निर्देशक, लेखक और निर्माता शशांक घोष कर रहे हैं। शशांक घोष इससे पहले ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘खूबसूरत’, ‘फ्रेडी’ और ‘क्विक गन मुरुगन’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। ‘रागिनी 3’ में तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हालांकि फिल्म की बाकी स्टार कास्ट को लेकर आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

इस फिल्म का निर्माण एकता कपूर कर रही हैं, जो ‘रागिनी एमएमएस’ फ्रेंचाइजी की पिछली दोनों फिल्मों से भी जुड़ी रही हैं। ‘रागिनी 3’ को बॉलीवुड की हॉरर-थ्रिलर फिल्मों की इस लोकप्रिय फ्रेंचाइजी का अगला भाग माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, तमन्ना भाटिया के अलावा जुनैद खान, नरगिस फाखरी और आयुष शर्मा भी फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि, इन कलाकारों की भूमिका और भागीदारी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।