नई दिल्ली। CJP के जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री सौम्या टंडन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सामने आए घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग सही नहीं ठहराया जा सकता।
सौम्या टंडन ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि छात्रों के प्रदर्शन के दृश्य परेशान करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर हिंसा और पत्थरबाजी की खबरें सामने आईं, लेकिन इसके आधार पर सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई को सही नहीं माना जा सकता। अभिनेत्री ने कहा कि इतने युवाओं को इस तरह परेशान देखना दुखद है। उन्होंने लोकतंत्र में बातचीत और संवाद के महत्व पर जोर देते हुए उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की मांगों को सुनेगी और बातचीत के जरिए समाधान निकलेगा।
बता दें कि CJP की ओर से NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ था, जिसमें लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के आरोप लगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने नियमों का उल्लंघन किया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की गई। दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
