जगदलपुर। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर बुधवार (22 अप्रैल) को छत्तीसगढ़ दौरे पर जगदलपुर पहुंचे। वे अपने परिवार के साथ प्राइवेट जेट से यहां पहुंचे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे यहां से सीधे दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार जाएंगे, जहां वे आदिवासी और खेल में रुचि रखने वाले बच्चों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ क्रिकेट भी खेलेंगे। कार्यक्रम को लेकर स्कूली बच्चे सुबह 9 बजे से ही स्थल पर पहुंचने लगे थे। इस बीच आरोप सामने आए हैं कि भीषण गर्मी के बावजूद बच्चों को अलग-अलग गांवों से कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। शिक्षकों के अनुसार, 50 सीटर बस में 100 से अधिक बच्चों को बैठाकर लाने की बात कही जा रही है। इस मामले में दंतेवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि स्कूली बच्चों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाया जा रहा है। हालांकि, गर्मी और बच्चों की भीड़ को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि वे फिलहाल एक वीसी (वीडियो कॉन्फ्रेंस) में हैं और बाद में इस पर प्रतिक्रिया देंगे।
जगदलपुर पहुंचे सचिन तेंदुलकर , दंतेवाड़ा में बच्चों संग करेंगे मुलाकात और क्रिकेट
