पटना। पटना में बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही मंगलवार को शुरू हुई। सदन में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए के कई नेता मौजूद रहे। आज की कार्यवाही में कई सरकारी कामकाज और प्रस्तावित विधेयकों पर चर्चा होनी है, जबकि प्रश्नकाल के दौरान विधायक विभिन्न विभागों से जुड़े सवाल उठाएंगे।
सत्र शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायक हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे और हत्या, बलात्कार समेत अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार से जवाब मांगा। विपक्ष का आरोप है कि, बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और सरकार को इस पर सदन में जवाब देना चाहिए।
वहीं, दिल्ली में चल रहे छात्र प्रदर्शन को लेकर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, यह छात्रों का आंदोलन नहीं बल्कि राजनीतिक दलों की ओर से किया जा रहा प्रदर्शन है। उन्होंने दावा किया कि पेपर लीक मामलों में सरकार कार्रवाई कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि राज्य में बेहतर शिक्षा के लिए काम किया जा रहा है।

