नई दिल्ली। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से धर्मशाला के खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मुकाबले से ठीक पहले भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है। पहले वनडे में मैदान पर कदम रखते ही रोहित शर्मा एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर लेंगे।
अफगानिस्तान के खिलाफ इस मैच में उतरते ही रोहित शर्मा भारत की ओर से एकदिवसीय (ODI) क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। ऐसा करते ही वे दिग्गज क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ का करीब 37 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे। मोहिंदर अमरनाथ ने 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, जबकि शनिवार (13 जून) को मैदान पर उतरते वक्त रोहित शर्मा की उम्र 39 साल और 44 दिन होगी। वैसे वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक उम्र में वनडे खेलने का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नोलन क्लार्क (47 साल 257 दिन) के नाम है।
इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पिछली वनडे सीरीज में रोहित का बल्ला कुछ खास नहीं चला था, इसलिए फैंस को इस बार उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी। वैसे भी अफगानिस्तान के खिलाफ रोहित का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है; उन्होंने अब तक 3 मैचों में 75 की औसत और 127 के स्ट्राइक रेट से 150 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। इस सीरीज में विराट कोहली (हैमस्ट्रिंग इंजरी) और हार्दिक पांड्या (पैर में हल्की चोट) की अनुपस्थिति के कारण रोहित पर जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी। टीम में विराट की जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को शामिल किया गया है।
