मुंबई। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने विजय देवरकोंडा के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग का जवाब दिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट साझा करते हुए कहा कि उनके इंटरव्यू को लेकर चल रही बहस अब अपनी हद पार कर रही है। रश्मिका के मुताबिक, लोग अपनी राय रखने के बजाय उन्हें निशाना बना रहे हैं, जबकि वह उन लोगों के विश्वास को बनाए रखना चाहती हैं, जो प्यार में यकीन करते हैं। रश्मिका ने स्पष्ट किया कि उनके और विजय के बीच शादी को लेकर हुई बातचीत किसी बड़े प्रपोजल या समय की गिनती के बारे में नहीं थी। दोनों चाहते थे कि एक-दूसरे को समझने के लिए पर्याप्त समय मिले और यह तय कर सकें कि जिंदगी की खुशियों और मुश्किलों में वे साथ रहना चाहते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि आखिरकार दोनों ने एक-दूसरे को चुना। रश्मिका ने यह भी बताया कि वह दिल से सोचती हैं, जबकि विजय व्यावहारिक पहलुओं पर विचार करते हैं और यही अंतर उनके रिश्ते को संतुलित बनाता है।
अभिनेत्री ने कहा कि उनके लिए शादी का मतलब केवल प्रपोजल, अंगूठी या घुटनों पर बैठकर प्यार जताना नहीं, बल्कि साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाना है। उन्होंने अपने रिश्ते पर सवाल उठाने वालों से कहा कि अगर उनका प्यार दूसरों की कल्पना जैसा नहीं है, तो भी उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। रश्मिका ने बताया कि वह अपनी जिंदगी में बेहद खुश और संतुष्ट हैं तथा मुश्किल समय में विजय हमेशा उनके साथ खड़े रहते हैं। वायरल रील्स को लेकर रश्मिका ने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उनकी चिंता जताते हुए उन्हें रिश्ते से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी खुशी उनके चेहरे, अभिनय, फिल्मों और जिंदगी जीने के तरीके में देखी जा सकती है। रश्मिका ने लोगों को ऐसा साथी ढूंढने की सलाह दी, जो शादी के बाद भी उनसे दोबारा शादी करने की इच्छा जताए।
दरअसल, ‘कॉफी विद करण’ के इंटरव्यू के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोनों को ट्रोल किया जा रहा था। वीडियो में रश्मिका ने बताया था कि उन्होंने विजय से शादी को लेकर बात की थी और उनकी सहमति मिलने में समय लगा। इसके बाद कुछ यूजर्स ने विजय के व्यवहार और रश्मिका के फैसले पर सवाल उठाए। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में निजी समारोह में शादी की थी।
