पॉलिटिकल टेररिज्म” पर गरमाई सियासत! पीएम मोदी पर टिप्पणी को संजय राउत ने दिया नया नाम

Follow Us

संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए विवादित बयान को लेकर उठे राजनीतिक विवाद पर नई प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि, इस मामले को “आतंकवाद” नहीं बल्कि “पॉलिटिकल टेररिज्म” कहा जाना चाहिए। यह बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उस कथन के बाद आया है जिसमें उन्होंने पीएम मोदी को लेकर तीखी टिप्पणी की थी, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। बीजेपी ने इस बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं राउत ने खरगे का बचाव करते हुए कहा कि, यह टिप्पणी डराने-धमकाने की राजनीति के संदर्भ में की गई थी।

राउत ने आरोप लगाया कि, देश की राजनीति में ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल डर का माहौल बनाने के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि, जो ताकतें भय पैदा करती हैं, उन्हें राजनीतिक संदर्भ में “टेरर” की श्रेणी में समझा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि, कई राज्यों में भाषा और नीति को लेकर अलग-अलग नियम हैं, लेकिन हर राज्य को अपनी पहचान और भाषा को प्राथमिकता देने का अधिकार है। यह पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब देश में चुनावी माहौल और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो चुकी है। दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से सियासी तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है।