पेपर लीक मुद्दे पर संसद परिसर में सियासी संग्राम,एनडीए- विपक्षी सांसद आमने-सामने

Follow Us

नई दिल्ली। मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद परिसर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया। संसद के मकर द्वार पर एनडीए और विपक्षी सांसद आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की और एक-दूसरे पर निशाना साधा। एनडीए सांसदों ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास तक किए गए प्रदर्शन का विरोध किया, जबकि विपक्षी सांसद नीट पेपर लीक मामले में सरकार के खिलाफ आवाज उठाते रहे। कुछ देर तक दोनों गुट मकर द्वार पर खड़े होकर नारे लगाते रहे। सरकार की ओर से कहा गया है कि, शिक्षा मंत्रालय की शिकायत के बाद सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में कई धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि, सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की बात कही, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। वहीं विपक्ष का आरोप है कि, सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में नाकाम रही, जिससे लाखों छात्रों को नुकसान हुआ। विपक्ष ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों पर सख्त कदम उठाने की बात कही और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन का ऐलान किया। इस पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।