नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव और गहरा गया है। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र (Airspace) पर लगे प्रतिबंध को 24 मई, 2026 तक बढ़ाने का आधिकारिक ऐलान किया है। पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण द्वारा जारी ‘नोटिस टू एयरमेन’ (NOTAM) के अनुसार, किसी भी भारतीय वाणिज्यिक, सैन्य या पट्टे पर लिए गए विमान को उनके क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध अप्रैल 2025 से ही लागू है, जिसके कारण भारतीय उड़ानों को अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लंबे और महंगे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।
जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना आसमाँ बंद रखा है और इसे आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं। दरअसल, 22 अप्रैल 2025 को हुए हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लिए थे, जिसमें सिंधु जल संधि को रद्द करना और अटारी-बाघा बॉर्डर को सील करना शामिल था। पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया था कि, “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।” भारत ने पाकिस्तानियों को जारी वीजा रद्द करने के साथ-साथ व्यापारिक संबंध भी पूरी तरह खत्म कर दिए हैं। भारतीय सेना ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए सीमा पार 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर 100 से ज्यादा आतंकियों को ढेर किया था। भारत का रुख अब भी साफ है कि, जब तक आतंकवाद का अंत नहीं होता, तब तक पाकिस्तान के साथ किसी भी समझौते की गुंजाइश नहीं है।
