दिल्ली के कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक दुकानें-दफ्तर बंद करने के आदेश, सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन का बड़ा फैसला

Follow Us

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस (सीपी) में सुरक्षा कारणों से गुरुवार को सभी दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह फैसला नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के निर्देशों के बाद एहतियात के तौर पर लिया गया है।

नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) के अध्यक्ष अतुल भार्गव द्वारा जारी एडवाइजरी में सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और पूरा सहयोग देने की अपील की गई है। एडवाइजरी के अनुसार, संवेदनशील हालात को देखते हुए यह कदम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी अप्रिय घटना से बचने और जन-धन के नुकसान को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है।

हालांकि, प्रशासन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस एहतियाती कदम के पीछे कोई विशेष घटना या सुरक्षा इनपुट है। फिलहाल लोगों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

गौरतलब है कि कनॉट प्लेस के निकट जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है। वर्तमान में स्थिति शांत है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे सीपी और जंतर-मंतर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।