बडगाम में सुरक्षा बलों की मुठभेड़ में एक आतंकवादी ढेर, हथियार और युद्ध सामग्री बरामद

Follow Us

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। अभियान में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे। मारे गए आतंकवादी की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
भारतीय सेना की चिनार कोर ने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर बडगाम के अशदर गली क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था। अभियान को ‘ऑपरेशन अशदर नाम दिया गया था। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और संदिग्धों को चुनौती दी।

सेना के अनुसार, चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया। सुरक्षा बलों ने मारे गए आतंकवादी के कब्जे से एक एके राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है। सुरक्षा बलों को आशंका है कि इलाके में अन्य आतंकवादी भी छिपे हो सकते हैं।

अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया। मारे गए आतंकवादी की पहचान और उसके संगठन से जुड़े विवरण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके में अन्य आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए तलाशी अभियान जारी रखा है। आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापक तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा बलों का अभियान पूरा होने के बाद ही मुठभेड़ और बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।