मुंबई। अभिनेत्री नेहा शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बिना सहमति उनके चेहरे और पहचान का इस्तेमाल करके तस्वीरें या वीडियो बनाने, एडिट करने और शेयर करने वालों को चेतावनी दी है। नेहा ने ऐसे कंटेंट को तुरंत हटाने की मांग करते हुए स्पष्ट किया कि उनकी पहचान का अनधिकृत इस्तेमाल और उससे उनकी छवि या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना स्वीकार नहीं है।
नेहा ने अपनी पोस्ट में कहा कि उनकी पहचान का इस्तेमाल करके पहले से साझा किए गए AI कंटेंट को हटाया जाए और भविष्य में भी ऐसा कोई कंटेंट न बनाया या प्रसारित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि फर्जी अकाउंट के पीछे छिपकर या AI का सहारा लेकर कोई भी कानूनी जवाबदेही से नहीं बच सकता। AI और डीपफेक के बढ़ते मामलों के बीच कई अन्य भारतीय सितारे भी अपनी तस्वीरों, आवाज और व्यक्तित्व अधिकारों के कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर अदालत का रुख कर चुके हैं। इनमें अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन, मृणाल ठाकुर और सुनील शेट्टी जैसे नाम शामिल हैं।
