सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया होलिका दहन, आपसी प्रेम और सद्भाव का दिया संदेश

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में फागुन के उल्लास के बीच लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने पैतृक निवास रामसागर में श्रद्धा और आस्था के साथ होलिका दहन किया। इस अवसर पर परिवारजन, आत्मीयजन और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए होलिका दहन में धर्म की अधर्म पर विजय के शाश्वत संदेश को स्मरण किया गया। फागुन की मादक बयार के बीच आयोजित इस आयोजन में होली की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। ढोलक की थाप पर गूंजते फाग गीतों और पारंपरिक लोकधुनों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। सांसद अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह सदियों पुरानी परंपराओं, लोकगीतों और आत्मीय मिलन का पावन अवसर है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोता है। उन्होंने कहा कि होलिका दहन हमें यह संदेश देता है कि सत्य और धर्म की सदैव विजय होती है।

अग्नि की पावन ज्वाला में नकारात्मकता, वैमनस्य और अहंकार का दहन कर हमें नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में भाईचारे, समरसता और एकता को और मजबूत करता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी पारंपरिक रीति से होलिका की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। सांसद अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि जीवन भी रंगों की तरह विविध और आनंदमय है। हमें हर रंग को खुले मन से स्वीकार करना चाहिए। होली का उल्लास हमें यह भी याद दिलाता है कि आपसी मनमुटाव और दूरी को समाप्त कर प्रेम और सद्भाव के रंगों से रिश्तों को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रभु से प्रार्थना की कि फागुन का यह पावन अवसर सभी के जीवन में सुख, शांति और नवआशा के रंग भर दे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आगामी रंगोत्सव के लिए शुभकामनाएं दीं।