नई दिल्ली। भारत में मानसून का महीना प्रकृति की असली खूबसूरती को करीब से देखने का सबसे बेहतरीन समय होता है। इस मौसम में चारों तरफ फैली हरियाली और सुहावना मौसम सफर को बेहद रिफ्रेशिंग बना देता है। अगर आप इस बारिश में भीड़भाड़ से दूर किसी शांत और सुरक्षित जगह की तलाश में हैं, तो दक्षिण और पश्चिम भारत के कई हिल स्टेशन बेहतरीन विकल्प हैं। तमिलनाडु की पलानी हिल्स में बसा कोडाईकनाल धुंधली पहाड़ियों और सुंदर झीलों के साथ पोस्टकार्ड जैसा नजारा पेश करता है, जहाँ पहुँचने के लिए मदुरै एयरपोर्ट सबसे नजदीक है। वहीं “पूरब का वेनिस” कहा जाने वाला केरल का अलेप्पी अपने शांत बैकवाटर और हाउसबोट के लिए मशहूर है, जो कोचीन एयरपोर्ट से महज 83 किलोमीटर दूर है।
कॉफी के बागानों के शौकीनों के लिए कर्नाटक का चिकमगलूर जून और जुलाई के महीनों में जन्नत जैसा बन जाता है। मैंगलोर एयरपोर्ट से यहाँ आसानी से सड़क मार्ग द्वारा पहुँचा जा सकता है। गुजरात के एकमात्र हिल स्टेशन सापुतारा की बात करें, तो मानसून की फुहारें सह्याद्री रेंज की इन वादियों में नई जान फूंक देती हैं, जहाँ नासिक या सूरत एयरपोर्ट से 2-3 घंटे में पहुँचा जा सकता है। महाराष्ट्र का महाबलेश्वर और लोनावाला भी इस मौसम में झरनों और हरी-भरी वादियों के साथ जीवंत हो उठते हैं। इसके अलावा, केरल के वेम्बनाड झील के किनारे बसा कुमारकोम अपने शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता से पर्यटकों को आकर्षित करता है। ये सभी जगहें मानसून के दौरान न सिर्फ गर्मी से राहत देती हैं, बल्कि बजट यात्रियों और प्रकृति प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव भी बनती हैं।
