नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने टी20 टीम के भविष्य के नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स आने वाले समय में टीम की कप्तानी संभालने की क्षमता रखती हैं।मिताली ने कहा कि, शेफाली को उन्होंने भविष्य की टी20 टीम को ध्यान में रखते हुए कप्तानी के विकल्प के तौर पर चुना है। उन्होंने बताया कि, शेफाली युवा होने के साथ-साथ आक्रामक बल्लेबाजी करती हैं, जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकती हैं और लंबे समय से भारतीय टी20 टीम का हिस्सा हैं। उनके मुताबिक नेतृत्व की क्षमता अनुभव के साथ और बेहतर होती जाती है।
वहीं, मिताली ने जेमिमा रोड्रिग्स की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि किसी एक टूर्नामेंट के प्रदर्शन से खिलाड़ी की पूरी क्षमता का आकलन नहीं किया जा सकता। जेमिमा की फील्डिंग, टीम के प्रति समर्पण और दबाव में खेलने की क्षमता उन्हें खास बनाती है। मिताली ने स्मृति मंधाना पर भी भरोसा जताया और कहा कि, वह टेस्ट और वनडे क्रिकेट में कप्तानी के लिए बेहतरीन विकल्प हैं। फिलहाल हरमनप्रीत कौर भारतीय टी20 टीम की कप्तान हैं, लेकिन भविष्य के नेतृत्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है। शेफाली और जेमिमा के अनुभव और प्रतिभा को देखते हुए दोनों को टीम इंडिया के अगले दौर के लिए अहम खिलाड़ी माना जा रहा है।
