मुंबई। अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में शो में सिंगर मीका सिंह और फाल्गुनी पाठक मेहमान बनकर पहुंचे। इस दौरान अमिताभ ने मीका की दरियादिली का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि मीका हर दो-तीन महीने में उनके घर कुछ न कुछ भेजते रहते हैं, लेकिन एक बार उन्होंने ऐसा तोहफा भेजा, जिसे देखकर वह भी हैरान रह गए।
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मीका जहां भी जाते हैं, वहां कुछ बड़ा धमाका जरूर होता है। उन्होंने मीका की आवाज की तारीफ करते हुए बताया कि जया बच्चन को भी उनकी आवाज बाकी गायकों से अलग लगती है। इसके बाद बिग बी ने खुलासा किया कि मीका ने एक बार उनके घर गाड़ी में रखकर बड़ा ओरिजिनल पियानो भेज दिया था। यह सुनकर शो में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाईं। कार्यक्रम के दौरान मीका सिंह और फाल्गुनी पाठक ने अपने गानों से भी समां बांधा और अमिताभ बच्चन की तारीफ की। इस मजेदार किस्से ने शो के माहौल को और खुशनुमा बना दिया।
