जकार्ता। इंडोनेशिया में एक मिठाई बनाने वाले कारखाने में भीषण आग लगने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 35 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, शनिवार को आग से पूरी तरह तबाह हुए कारखाने से खोज एवं बचाव दल ने अब तक 24 शव बैग बाहर निकाले हैं। इन शवों को रविवार दोपहर सेरांग शहर के भायंगकारा पुलिस अस्पताल पहुंचाया गया।
शुरुआत में शाम चार बजे सात शव अस्पताल लाए गए, जबकि शाम पांच बजे 16 अन्य शव वहां पहुंचाए गए। कई कर्मचारी अब भी लापता हैं। उनकी संख्या 36 से 43 के बीच बताई जा रही है। मलबे से और शव मिलने के साथ लापता लोगों की संख्या को लेकर आंकड़े पल-पल बदल रहे हैं। राष्ट्रीय पुलिस के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य केंद्र (पुस्दोक्केस) के तहत आपदा पीड़ित पहचान (डीवीआई) विभाग की प्रमुख वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाह्यू हिदायती द्वि पालुपी ने कहा कि सभी पीड़ितों को डीवीआई दल द्वारा पहचान की प्रक्रिया के लिए भायंगकारा पुलिस अस्पताल लाया गया है।
शादी को लेकर विवाद के बाद युवक की आत्महत्या के मामले में प्रेमिका गिरफ्तार
उन्होंने समाचार वेबसाइट ‘कुम्परान डॉट कॉम’ के हवाले से कहा, “भयावह आग के कारण शवों की पहचान करना अब संभव नहीं है। इसलिए पहचान की प्रक्रिया में वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया जा रहा है, जिसमें डीएनए संबंधी आंकड़े, अंगुलियों के निशान और पीड़ितों की स्थिति के अनुसार पहचान के अन्य तरीके शामिल हैं।” श्रम मामलों पर राष्ट्रपति के सलाहकार सैद इकबाल ने कहा कि कारखाने में सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की जांच की जा रही है और वह कारखाने के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को तलब करेंगे। आग शनिवार शाम बेंटेन प्रांत के चिकांडे में स्थित पीटी फोनुसा अगुंग मुलिया मिठाई कारखाने की एक इमारत में लगी थी। यह स्थान जकार्ता से करीब एक घंटे की सड़क यात्रा की दूरी पर है। श्री सैद ने बताया कि शुरुआती रिपोर्टों में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है।
