तनुश्री दत्ता के पुराने आरोपों पर बोले मल्हार पाटेकर, कहा- सच वही रहेगा जो सच है

Follow Us

मुंबई। अभिनेता नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने अभिनेत्री तनुश्री दत्ता से जुड़े पुराने विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि जिस मामले को बार-बार चर्चा में लाया जा रहा है, वह काफी पहले ही खत्म हो चुका है। मल्हार के मुताबिक, न्यायिक प्रक्रिया में भी मामले के समाप्त होने की बात सामने आ चुकी है, इसके बावजूद इसे दोबारा उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर किसी से कुछ नहीं कहना चाहते और अंत में सिर्फ इतना बोले, “भगवान उनका भला करे।”

यह विवाद साल 2018 में चर्चा में आया था, जब तनुश्री दत्ता ने आरोप लगाया था कि 2008 में फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ की शूटिंग के दौरान उनके साथ अनुचित व्यवहार हुआ। उनके आरोपों के बाद भारत में #MeToo आंदोलन को व्यापक चर्चा मिली। नाना पाटेकर ने आरोपों से इनकार किया था। अक्टूबर 2018 में तनुश्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और जून 2019 में मुंबई पुलिस ने पर्याप्त सबूत नहीं मिलने की बात कहते हुए नाना पाटेकर को क्लीन चिट दी थी। मार्च 2025 में मुंबई की एक अदालत ने शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। इस पुराने मामले को लेकर मल्हार की हालिया टिप्पणी के बाद एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।