रायपुर/दिल्ली। नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, नेता विपक्ष राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में पार्टी महासचिवों, प्रभारियों और प्रदेश अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। बघेल ने कहा कि देश आज महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और सामाजिक असमानता जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। कांग्रेस इन अन्यायों के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगी और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देगी।
इसी बैठक के दौरान कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द किए जाने पर भी तीखा विरोध जताया गया। कांग्रेस ने इसे एक असंवैधानिक कदम बताते हुए भाजपा और चुनाव आयोग के रवैये पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा का लोकतंत्र और संविधान में कोई विश्वास नहीं है। पार्टी ने साफ किया कि वे इस फैसले को हर लोकतांत्रिक मंच पर चुनौती देंगे और न्याय के लिए सभी संवैधानिक रास्तों का इस्तेमाल करेंगे।
