नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 22 और दिल्ली, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सिविल सेवा (DANICS) कैडर के 11 अधिकारियों सहित कुल 33 अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। 1993 बैच के IAS अधिकारी प्रशांत गोयल को बिजली विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) नियुक्त किया गया है। वहीं, रूपेश कुमार ठाकुर को स्वास्थ्य सचिव के पद से हटाकर केवल दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) के CEO की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, अवनीश कुमार को नया आबकारी आयुक्त और नवीन कुमार चौधरी को सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) का अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है।
प्रशांत गोयल को बिजली विभाग के साथ दिल्ली वित्तीय निगम (DFC), दिल्ली राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (DSCSC) और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 2014 बैच के IAS अधिकारी अवनीश कुमार अब आबकारी विभाग का प्रभार संभालेंगे। इससे पहले वह तकनीकी प्रशिक्षण एवं उच्च शिक्षा निदेशक के पद पर कार्यरत थे।अन्य बदलावों के तहत सत्येंद्र सिंह दुश्रावत को दिल्ली नगर निगम (MCD) के अतिरिक्त आयुक्त पद से हटाकर उच्च शिक्षा विभाग का निदेशक बनाया गया है। परिवहन सचिव-सह-आयुक्त निहारिका राय दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की अध्यक्ष बनी रहेंगी, जबकि उन्हें पर्यटन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
1992 बैच के IAS अधिकारी बिपुल पाठक सामाजिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव बने रहेंगे। उन्हें कई अन्य विभागों और निगमों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, दिलराज कौर शिक्षा विभाग की प्रधान सचिव बनी रहेंगी, लेकिन उनसे दिल्ली सहकारी आवास वित्त निगम (DCHFC) और DSFDC का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में हुआ है, जब स्वास्थ्य विभाग में दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) जांच कर रही है। इसके अलावा, दिल्ली सरकार नई आबकारी नीति तैयार करने की दिशा में भी काम कर रही है।
