मुंबई म्यूजिक कॉन्सर्ट में बड़ा हादसा: 28 वर्षीय युवक की मौत, युवती अस्पताल में भर्ती

Follow Us

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के वर्ली इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ रविवार तड़के एक हाई-प्रोफाइल इंटरनेशनल म्यूजिक इवेंट के दौरान एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं, इसी कार्यक्रम में शामिल हुई एक 31 वर्षीय महिला की भी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह पूरी घटना वर्ली के प्रसिद्ध एनएससीआई (NSCI) डोम में आयोजित ‘क्लैंगकुएन्स्टलर ऑल नाइट लॉन्ग’ म्यूजिकल शो के दौरान हुई। तारदेव पुलिस के अनुसार, तड़के सुबह जब इवेंट चल रहा था, तभी भीड़ के बीच मौजूद युवक को अचानक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा। युवक को तुरंत ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में अत्यधिक ‘डिहाइड्रेशन’ (पानी की कमी) को मौत का कारण माना जा रहा है, हालांकि सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी।

इसी कॉन्सर्ट के दौरान एक 31 वर्षीय महिला की भी तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसका जसलोक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने शराब के साथ भारी मात्रा में एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन किया था, जिसके बाद उसे चक्कर और घबराहट होने लगी। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।

सोशल मीडिया पर ड्रग्स के ओवरडोज को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन मुंबई पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद साफ किया है कि फिलहाल ड्रग्स के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला है। पुलिस अब घटनाओं की सही वजह जानने के लिए वेन्यू के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है। तारदेव पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।