भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति 2026 का हुआ शुभारंभ

Follow Us
  • जैन ध्वजारोहण के साथ हुई सामूहिक सामायिक आराधना
  • मोबाइल और घड़ी जैसे गैजेट्स के बिना 48 मिनट साधु का जीवन, पंखा का उपयोग भी नहीं

रायपुर। सकल जैन समाज के तत्वावधान में भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत 15 मार्च 2026, रविवार को श्री जिनकुशल सूरी जैन दादाबाड़ी तीर्थ, एम.जी. रोड में जैन ध्वजारोहण एवं सामूहिक सामायिक आराधना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8.45 बजे जैन ध्वजारोहण एवं जैन गीत के साथ हुआ, जिसके पश्चात सुबह 9 बजे से 10.15 बजे तक सामूहिक सामायिक का आयोजन हुआ।

इस अवसर पर लगभग 48 मिनट तक सभी धर्मप्रेमी एक स्थान पर बैठकर धर्म आराधना करेंगे तथा 84 लाख जीवों से जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए क्षमायाचना की। सामायिक के दौरान पूरे 48 मिनट सैकड़ों की संख्या में धर्मप्रेमियों ने साधु जैसा जीवन व्यतीत किया और इस दौरान ना तो किसी ने मोबाइल और घड़ी का उपयोग किया यहां तक की पंखे भी नहीं चलाए गए। जैन धर्म में सामायिक को एक महत्वपूर्ण साधना माना गया है, जिसमें व्यक्ति कुछ समय के लिए मन, वचन और शरीर को शांत कर आत्मचिंतन, संयम और समभाव का अभ्यास करता है। इससे मन की शांति, आत्मा की शुद्धि और ध्यान की शक्ति में वृद्धि होती है तथा यह मोक्ष मार्ग की ओर बढ़ने का महत्वपूर्ण साधन माना गया है।

भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह एवं महासचिव गोल्डी लूनिया ने बताया कि इस कार्यक्रम के लाभार्थी स्वर्गीय इंदिरा देवी जैन एवं स्वर्गीय जी.सी. जैन के परिवारजन हैं। जैन समाज के विभिन्न मंडलों एवं संगठनों के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने बताया कि भगवान महावीर जन्मकल्याणक 2026 भव्यता के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव 25 दिनों तक चलेगा और इस बीच विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में सामायिक के पश्चात नवकारसी की व्यवस्था भी की गई।